सोनिक। मुर्तजानगर-रूपऊ मार्ग पर मंगलवार रात निर्माणाधीन पुलिया से टकराकर बाइक सवार ठेकेदार की मौत हो गई। वह रात भर वहीं पड़ा रहा, सुबह ग्रामीणों ने देखा तो पुलिस को जानकारी दी। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का भी आरोप लगाया है।
माखी थाना के सुदेशा बहादुरपुर भदेशा निवासी संदीप श्रीवास्तव (42) दही चौकी स्थित एक फैक्टरी में ठेकेदारी करता था। रोज की तरह वह मंगलवार सुबह घर से निकला था। देर रात तक घर न पहुंचने पर फोन किया तो रिसीव नहीं हुआ। परिजनों ने रात में भी तलाश की, लेकिन पता नहीं चला।
बुधवार सुबह करीब पांच बजे उनका शव शहजादपुर गांव के पास निर्माणाधीन पुलिया के पास मिला। दही थाना पुलिस पहुंची और घटनास्थल माखी थाना क्षेत्र में होने की बात कही तो माखी एसओ को सूचना दी गई। परिजनों ने दो घंटे तक सीमा विवाद में उलझने और रात्रिगश्त पर सवाल उठाए।
परिजनों ने हत्या किए जाने की भी आशंका जताई। पुलिस के मुताबिक मृतक की बाइक, रुपये, मोबाइल फोन घटनास्थल पर ही मिल गए हैं। मृतक संदीप का हेलमेट कुछ दूर पर मिला है। अनुमान है कि तेज टक्कर लगने से हेलमेट निकल गया, सिर में गहरी चोट आने से मौत हुई है। मां मुन्नी देवी, पत्नी ज्योति व अन्य परिजन बेहाल हैं। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। थानाध्यक्ष संदीप मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-
मामला जानकारी में नहीं है। परिजनों का बैरिकेडिंग और संकेतांक न होने का आरोप गलत है। साइड से निकलने का अस्थायी रास्ता बनाया गया है। निर्माणाधीन स्थल से कुछ दूर पहले फ्लैक्स बोर्ड भी लगाया गया है। - सार्थक सिंह, एसडीओ, शारदाखंड
-
निर्माणाधीन पुलिया के पास नहीं लगे संकेतांक या बैरिकेडिंग
परिजनों का आरोप है कि शहजादपुर के पास निर्माणाधीन पुलिया का काम शारदाखंड उन्नाव कार्यालय से कराया जा रहा है। काम करवा रहे ठेकेदार ने न ही संकेतांक लगवाए और न ही बैरिकेडिंंग लगवाई है। इससे रात में वाहन सवारों को दिक्कत होती है। उसी का यह भी शिकार हो गए।