फोटो-14-कंटेनर के पहिए में लगी आग बुझाते फायर ब्रिगेड के जवान। स्रोत: पीआरवी।
गंजमुरादाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के देवखरी गांव के पास शनिवार की शाम दिल्ली से कारें लेकर पश्चिम बंगाल जा रहे कंटेनर के टायरों में आग लग गई। समय से संसाधन उपलब्ध हो जाने से कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया गया जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
जनपद मैनपुरी के थाना बेबर के चंदौली गांव निवासी अवनीश कुमार दिल्ली से कंटेनर में सात कारें लादकर पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी जा रहे थे। देवखरी गांव के पास कंटेनर के टायर में अचानक आग लग गई। धुआं उठता देख चालक ने गाड़ी किनारे खड़ी कर यूपीडा को सूचना दी। मौके पर पहुंची यूपीडा और पीआरवी ने फायर ब्रिगेड बुलाई। कुछ ही देर में आग पर काबू पाया लिया गया। बांगरमऊ कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि चालक की सूझबूझ से कंटेनर के टायर में लगी आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। कोई खास नुकसान नहीं हुआ है।