मृतक क्लीनर देवेंद्र का फाइल फोटो।
- फोटो : UNNAO
बांगरमऊ(उन्नाव)। बांगरमऊ-संडीला मार्ग पर तहसील गेट के निकट बैक करते समय कंटेनर ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। कंटेनर को छूते ही क्लीनर को करंट लगा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों के शोर मचाने पर चालक ने कंटेनर आगे बढ़ा जान बचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
फ र्रुखाबाद जिले के थाना जहानाबाद के ग्राम जैतपुर निवासी कंटेनर चालक गजेंद्र पाल, क्लीनर देवेंद्र सिंह (30) पुत्र निरंजन सिंह निवासी ग्राम जैतपुर के साथ शुक्रवार सुबह खाली कंटेनर लेकर नगर के संडीला मार्ग पर भाड़ा लोड करने पहुंचा था। कंटेनर से नीचे उतरकर क्लीनर गाड़ी को बैक कराने लगा। इसी दौरान ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन से कंटेनर में छू गया और इससे अनजान क्लीनर ने जैसे ही कंटेनर को छुआ उसे करंट लगा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों के शोर मचाने पर चालक ने कंटेनर को आगे बढ़ाया, जिससे उसकी जान बच गई। सूचना पर दरोगा विजय प्रकाश मौके पर पहुंचे और जांच के बाद क्लीनर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चालक ने घटना की जानकारी क्लीनर के परिजनों को दी है।