हसनगंज। क्षेत्र के भोगला गांव के बाहर सई नदी पर बन रहे पुल के दिसंबर तक चालू होने पर संशय बना हुआ है। 95 लाख का जुर्माना लगने के बाद भी निर्माण कार्य तेजी नहीं पकड़ पा रहा। अभी तक एप्रोच रोड तक नहीं बन सकी है। शेष कार्य के पूरा होने पर करीब पांच से छह माह का समय और लगने का अनुमान है। ऐसे में ग्रामीणों को 10 किमी का अतिरिक्त चक्कर लगाने से मुक्ति मिलती नहीं दिख रही है।
वर्ष 2022 में 5.24 करोड़ रुपये की लागत से सई नदी पर भोगला में पुल का निर्माण शुरू हुआ था। इसे वर्ष 2024 तक पूरा किया जाना था लेकिन तय समय पर काम पूरा नहीं हो सका था। इस पर लोक निर्माण विभाग ने 26 अगस्त को कार्यदायी संस्था पर 95 लाख का जुर्माना लगाया था। इसके बाद काम दिसंबर 26 तक पूरा करने की डेड लाइन दी थी। वर्तमान में भी काम सुस्ती से चल रहा है। पुल के दोनों ओर एप्रोच मार्ग का निर्माण अभी बाकी है। इसके अलावा करीब 200 मीटर सड़क भी बनाई जानी है। काम अधूरा होने से क्षेत्रीय लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है।
आदमपुर बरेठी, सत्तीदीनखेड़ा, फरहदपुर, कुबरीखेड़ा, शेखपुर बुजुर्ग, जसमड़ा बब्बन, गिरिवरखेड़ा, असुरनखेड़ा गांवों के किसानों और ग्रामीणों को आवागमन के लिए करीब 10 किलोमीटर घूमकर मोहान-सई नदी मार्ग से आवागमन करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए पुल चालू होने में अभी कम से कम पांच से छह माह का समय लग सकता है।
जेई प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि निर्धारित अवधि में काम पूरा न होने के कारण कार्यदायी संस्था पर जुर्माना लगाया जा चुका है। फिर भी यदि तय समय पर काम पूरा नहीं किया गया तो कार्रवाई कराई जाएगी।