बिछिया(उन्नाव)। स्वास्थ्य केंद्र में संचालित कोविड एलवन अस्पताल का डीएम ने निरीक्षण किया। भोजन की गुणवत्ता सही न मिलने पर प्रभारी से जवाब-तलब किया। सीएमओ को निर्देश दिए कि गुणवत्ता में सुधार किया जाए। शिकायत का मौका नहीं मिलना चाहिए। मरीजों से कहा कि एंबुलेंस चौबीस घंटे उपलब्ध हैं। एंबुलेंस मिलने में दिक्कत आए तो सीएमओ को जानकारी दें।
डीएम रवींद्र कुमार सुबह बिछिया स्वास्थ्य केंद्र में बने कोविड अस्पताल पहुंचे। यहां कोविड हेल्प डेस्क के साथ थर्मल स्कैनर, पल्स ऑक्सीमीटर सब सही मिला। डॉक्टर अस्पताल कर्मी सभी उपस्थित मिले। सीएचसी प्रभारी आरपी सचान को कमरों व शौचालयों की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कहा कि कमरों को समय-समय पर सैनिटाइज कराया जाए। मरीजों की सुविधा के लिए पेयजल, बिजली की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। गैस सिलिंडर पर्याप्त मात्रा में हों। पीपीई किट, चादर, मास्क, ग्लब्स व चश्मे पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हों। मरीजों की चादरों को नियमानुसार समय से बदला जाए।
मरीजों से कहा कि दिक्कत होने पर वह किसी भी समय फोन पर संपर्क कर सकते हैं। खाने की गुणवत्ता पर डीएम ने सीएमओ से कहा कि इसमें लापरवाही न हो। निर्देश दिए कि कोविड अस्पतालों में कार्यरत डॉक्टर, नर्स, वार्ड ब्वाय, सफाई कर्मियों को प्राथमिकता पर आइवरमेक्टिन दवा का वितरण कराएं। इस दौरान सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार, सीएमएस डॉ. बीबी भट्ट व अन्य स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे।