पॉलिथीन प्रतिबंध को लेकर नगर पालिका द्वारा चलाया गया अभियान सुस्त पड़ने के बाद अब प्रदूषण विभाग हरकत में आ गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को नगर पालिका टीम के साथ पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चलाया। साथ ही कई दुकानदारों पांच किलो पॉलिथीन को जब्त किया गया। साथ ही अल्टीमेटम दिया गया।
मंगलवार को प्रदूषण अधिकारी डॉ. रामकरन ने ईओ पालिका रोली गुप्ता व पालिका टीम के साथ शहर में पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चलाया। अधिकारियों ने थोक व फुटकर बाजारों में पहुंचकर पॉलिथीन का प्रयोग करने वाले दुकानदारों के यहां से पॉलिथीन को जब्त किया।
अधिकारियों ने पॉलिथीन का प्रयोग कर रहे दुकानदारों से कहा कि यह उनकी ओर से दी जा रही अंतिम चेतावनी है। इसके बादकिसी के पास से भी पॉलिथीन बरामद हुई तो उसके खिलाफ चालान व जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने शहर के बड़ा चौराहा, छोटा चौराहा, कचौड़ी गली, सब्जी मंडी के अलावा मुख्य मार्ग की दुकानों में छापेमारी की। प्रदूषण नियंत्रण कंट्रोल बोर्ड व नगर पालिका उन्नाव के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
जिला प्रदूषण अधिकारी डॉ. रामकरन ने बताया कि अभी शहर से अभियान की शुरुआत की गई है। आगे इसे तहसील स्तर पर किया जाएगा। बताया कि मंगलवार को चलाए गए अभियान में पांच किलो पॉलिथीन जब्त की।
.
धवन रोड में जाने से कतराते रहे अधिकारी- उन्नाव। बीते दिनों नगर पालिका से शहर के धवन रोड में अभियान के दौरान पॉलिथीन जब्त करने को लेकर दुकानदारों व पालिका कर्मियों के बीच झड़प के चलते अधिकारी बड़ा चौराहा के इर्दगिर्द ही घूमते रहे। कर्मचारियों ने धवन रोड की ओर रुख किया, लेकिन पालिका अधिकारी कतराते रहे।
अभियान को नहीं मिला पुलिस फोर्स- उन्नाव। नगर पालिका ईओ रोली गुप्ता ने पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चलाने को लेकर पुलिस अधिकारियों को पत्र लिखकर फोर्स की मांग की थी, लेकिन, फोर्स न मिलने से अधिकारी अभियान को लेकर सख्ती नहीं दिखा सके। ईओ ने बताया कि फोर्स मिलेगी, तभी सख्ती की जा सकेगी।