उन्नाव। तीन दिनों से धूप न निकलने तथा शीत लहर चलने के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड को देखते हुए जिले के अगल-बगल जिलों में डीएम ने छुट्टी भी कर दी थी, लेकिन यहां की डीएम ने शुक्रवार को विद्यालय खोलने के आदेश दिए थे। आदेशों का पालन करते हुए टीचर सुबह विद्यालय पहुंचे लेकिन वहां बच्चे ही नदारद मिले। जहां दो चार बच्चे आए भी वह आग तापते नजर आए।
नगर क्षेत्र के मोहल्ला बाबूगंज में संचालित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में सुबह 11 बजे टीचरों के साथ दो चार बच्चे ही थे जबकि कन्या प्राथमिक विद्यालय मोती नगर में कोई भी छात्र-छात्रा नहीं था प्रधानाचार्य ही विद्यालय में मौजूद थीं। डायट कैंपस में संचालित प्राथमिक विद्यालय का रहा।
यहां सुबह 11.30 बजे टीचर बच्चों के साथ आग तापते नजर आए। जबकि इसी कैंपस में संचालित कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय में टीचर बच्चों को पढ़ा रहे थे।
औरास विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय अटिया 10 बजकर 26 मिनट पर बंद था। सुबह 11.14 पर उच्च प्राथमिक विद्यालय कबरोई में प्रधान टीचर बेचेलाल कमरे में बच्चों के साथ बैठे हुए थे।
सहायक टीचर राकेश कुमार बघेल गायब थे। प्राथमिक विद्यालय सरौंद में बच्चे न होने के कारण इंचार्ज टीचर श्रीषचंद मित्तल रसोइया व आंगनबाड़ी कार्यकत्री के साथ बैठकर आग ताप रहे थे। यही हाल लगभग सभी विकासखंडों का रहा।
प्रभारी बीएसए राजेश सिंह ने बताया कि क्रास चेकिंग कराई गई थी। इसमें जो भी अनुपस्थित मिलेगा उसका एक दिन का वेतन काटा जाएगा।