रात में स्वास्थ्य मंत्री के जिला अस्पताल के संभावित
औचक निरीक्षण को लेकर सीएमओ ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने
महिला और पुरुष अस्पताल में जाकर व्यवस्थाएं देखीं और डॉक्टरों को चाक
चौबंद रहने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन सैफई महोत्सव में शामिल होने के बाद शनिवार की रात जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर सकते हैं।
शनिवार
की सुबह स्वास्थ्य मंत्री के सैफई जाते समय जनपद की सीमा पार कराने के बाद
वापस आईं सीएमओ डॉ. गीता यादव दोपहर एक बजे जिला अस्पताल पहुंची। उन्होंने
कार्डियोलॉजी का निरीक्षण करने के साथ ही इमरजेंसी की व्यवस्थाओं का जायजा
लिया।
बेड पर चादर न होने पर स्टाफ को फटकार लगाई और साफ चादर
डलवाने के निर्देश दिए। इसके बाद महिला सीएमएस सरोज श्रीवास्तव के कार्यालय
पहुंचीं।
यहां उपस्थित रजिस्टर देखने के साथ ही रात में रुकने
वाले स्टाफ की जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिए कि रात में रुकने वाला कोई
स्टाफ नदारद नहीं होना चाहिए। इसके बाद महिला और पुरुष वार्ड का निरीक्षण
किया। इस दौरान सीएमएस भी मौजूद रहे।