संवाद न्यूज एजेंसी
सफीपुर। एनक्वॉस (नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस सर्टिफिकेट) टीम अगले सप्ताह सफीपुर सीएचसी का निरीक्षण कर सकती है। टीम के निरीक्षण से पहले पहले सीएमओ ने सीएचसी पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का हाल जाना। यहां एक महीने से बिना सूचना अनुपस्थित पाए जाने पर दो डॉक्टरों का वेतन रोक दिया। उन्होंने दवा, इलाज, सफाई आदि में सुधार के निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ.सत्यप्रकाश ने गुरुवार को सफीपुर सीएचसी का निरीक्षण किया। डॉक्टरों के आवास के पास पार्किंग आदि व्यवस्था ठीक कराने को कहा। इसके बाद इमरजेंसी वार्ड पहुंचे और मरीजों को भर्ती करने आदि की व्यवस्था देखी। दवा भंडारण कक्ष में दवाओं की उपलब्धता और स्टॉक का मिलान किया। सीएचसी प्रभारी को अल्फाबेट के अनुसार दवाएं रखवाने का निर्देश दिया। वहीं ओपीडी मरीजों और उनके तीमारदारों के बैठने की व पेयजल की व्यवस्था को भी देखा। सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश वर्मा से इमरजेंसी वार्ड तक एंबुलेंस के पहुंचने की व्यवस्था कराने को कहा। इस दौरान दो डॉक्टर राम सहोदर और डॉक्टर जितेंद्र कुमार को एक महीने से बिना सूचना अनुपस्थित पाए जाने पर सीएमओ ने वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।