गंजमुरादाबाद के ब्योली इस्लामाबाद गांव में बिलीचिंग पाउडर व चूने का छिड़काओ करते कर्मचारी।
- फोटो : UNNAO
गंजमुरादाबाद(उन्नाव)। ब्लॉक क्षेत्र के गांव ब्योली इस्लामाबाद में युवक के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। डीपीआओ के निर्देश पर गांव में बाहर से लेकर अंदर तक सड़क किनारे लगे कूड़े के ढेर को हटवाकर सफाई कराई गई है। ग्रामसभा से होकर गुजरने वाले छह मार्गों पर बैरिकेडिंग कर 30 पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी गई है। गांव में ब्लीचिंग पाउडर व चूने का छिड़काव कराया गया है।
बांगरमऊ तहसील क्षेत्र के गंजमुरादाबाद ब्लॉक के गांव ब्योली इस्लामाबाद निवासी 25 वर्षीय युवक में कोरोना की पुष्टि होने के प्रशासन ने सख्ती बरतना शुरू कर दिया है। ग्रामसभा से होकर गुजरने वाले रोशनाबाद मार्ग, विश्रामखेड़ा मार्ग, जटपुर बेल्थरा मार्ग, हरईपुर मार्ग, गुलरिहा मार्ग और बेहटामुजाबर मार्ग पर बैरिकेडिंग लगाकर उसे सील कर दिया गया है। देखरेख के लिए इन बैरिकेडिंग पर 30 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। 14 सफाईकर्मी लगाकर गांव की सफाई कराई गई है।
आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई के लिए पांच सब्जी और तीन फल विक्रेताओं के पास जारी कर दिए गए हैं। अभी तक किराना की दुकान खोलकर सामान बेच रहे लोगों की दुकानें बंद करा दी गई हैं। निर्देश दिए गए हैं कि यदि किसी को सामान की जरूरत है तो दुकानदार घर जाकर सामान दे सकता है। पुलिस एनाउंसमेंट करा रही है कि दूसरे राज्यों व शहरों से आने वालों की सूचना तत्काल दें ताकि समय से उसका चेकअप कराया जा सके।
बेहटा मुजाबर थानाप्रभारी राघवन कुमार सिंह ने बताया कि छह मार्गों पर बैरिकेडिंग लगाई गई है। आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई के लिए पास बनाए गए हैं। गैमक्सीन मिलाकर चूने का गांव में छिड़काव भी कराया गया है।