सोनिक। दही चौकी इफको खाद केंद्र पर बिना सल्फर के किसानों को यूरिया मिलने लगी है। यहां पर किसानों की भारी भीड़ हो रही है। किसानों द्वारा न तो सामाजिक दूरी का पालन किया जा रहा है। मास्क भी नहीं लगा रहे हैं।
सोमवार को दही चौकी इफको केंद्र पर यूरिया के साथ सल्फर भी दी जा रही थी। सल्फर न लेने वाले किसानों को बिना यूरिया दिए ही वापस लौटा दिया गया। इससे किसानों में आक्रोश रहा। अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में इसे प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद उच्चाधिकारियों ने इसका संज्ञान लिया। मंगलवार को खाद लेने पहुंचे किसानों पर सल्फर लेने का दवाब नहीं डाला गया। इससे किसानों ने राहत की सांस ली। हालांकि किसानों की भीड़ कम नहीं हुई। केंद्र प्रभारी ने किसानों को लाइन में तो लगवा दिया लेकिन न तो सामाजिक दूरी ही बनवाई और न ही मास्क लगाने की ही बात कही। अधिकांश किसान मास्क नहीं लगाए थे।