गंजमुरादाबाद। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर ग्राम जगटापुर के पास बने रोडवेज बस अड्डे की सीढ़ियों को पांच वर्ष बाद भी नहीं खोला जा सका है। इससे एक्सप्रेसवे से हरदोई-उन्नाव राजमार्ग पर पहुंचने के लिए यात्रियों दो किमी का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
वर्ष 2016 में सपा सरकार के शासनकाल में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे का निर्माण हुआ था। एक्सप्रेसवे पर ग्राम जगटापुर के निकट रोडवेज बस अड्डा बनाया गया है। इस अड्डे से दिल्ली और लखनऊ आने-जाने वाली बसों की सवारियां को उतारा और बैठाया जाता है। बस अड्डे पर ही एक्सप्रेसवे के दोनों ओर हरदोई-उन्नाव राजमार्ग पर पहुंचने के लिए सीढ़ियां बनी हुई हैं लेकिन इन्हें आज तक खोला नहीं जा सका है। इनके न खोले जाने से यहां उतरने वाले यात्रियों को या तो जान हथेली पर रखकर दीवार फांदनी पड़ती है या फिर दो किमी का चक्कर लगाकर टोल प्लाजा से हरदोई-उन्नाव मार्ग पर पहुंचना पड़ता है। वृद्धों और अधिक सामान लेकर यात्रा करने वाले लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। एक्सप्रेसवे के सुरक्षा अधिकारी एके चंदेल ने बताया कि इन सीढ़ियों को ऊपर व नीचे आने-जाने के लिए बनाया गया है। इन्हें खोलने के लिए उच्चाधिकारियों से मांग भी की गई लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। फिर भी प्रयास जारी हैं।