उन्नाव। उच्च न्यायालय ने नई गाइड जारी करते हुए बुधवार से न्यायालयों का संचालन शुरू करने के आदेश दिए हैं। उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल आशीष गर्ग की ओर से सर्कुलर जारी होने के बाद जिला न्यायालय में भी तैयारियां शुरू हो गईं हैं।
जिला प्रशासन न्यायालय परिसर की नियमित सफाई और सैनिटाइजेशन कराएगा। प्रवेश से पहले सभी की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। आवश्यक होने पर वर्चुअल कोर्ट सुविधा का उपयोग किया जा सकेगा। न्यायालयों में मास्क का प्रयोग अनिवार्य रहेगा और कोर्ट में केवल चार कुर्सियां रहेंगी। अधिवक्ता उचित दूरी पर खड़े होकर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर काम निपटाएंगे। कामकाज की रूपरेखा बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों की राय से तय होगी। अधिवक्ताओं को काम खत्म होते ही न्यायालय परिसर छोड़ना होगा। वादकारियों को अदालतों में प्रवेश अभी नहीं दिया जाएगा।