पुरवा। तहसील क्षेत्र के खरीद केंद्रों पर भारी मात्रा में गेहूं डंप है। इस कारण बेहटाभवानी केंद्र पर खरीद पूरी तरह से बंद हो गई है। चार अन्य केंद्रों पर भी खरीद की स्थिति खराब है।
तहसील क्षेत्र में खुले अधिकांश क्रय केंद्रों पर खरीद का बुरा हाल है। साधन सहकारी समिति बेहटाभवानी में दो जून से उठान न होने से 1325 क्विंटल गेहूं डंप है। केंद्र पर बोरे भी खत्म हो गया है। इस कारण खरीद बंद हो गई है। तुसरौर केंद्र पर पांच जून से उठान नहीं हुई है। इस कारण दो हजार क्विंटल गेहूं रखा हुआ है। इसके चलते केंद्र पर खरीद प्रभावित हो रही है। प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि उठान न होने से खरीदारी में दिक्कत आ रही है। साधन सहकारी समिति दरेहटा में दो जून से गेहूं नहीं उठा है। 12 सौ क्विंटल गेहूं डंप होने से किसानों के सामने मुश्किल आ गई है। सचिव अवधेश सिंह ने दावा किया कि खरीद जारी है।
पासाखेड़ा में एक जून से गेहूं की उठान नहीं हो सकी है। 2500 क्विंटल गेहूं केंद्र पर रखा हुआ है। इससे खरीद प्रभावित हो रही है। त्रिपुरारपुर में 30 मई के बाद से गेहूं की उठान नहीं हुई है। 1900 क्विंटल गेहूं डंप है। एसडीएम राजेश चौरसिया ने दावा किया कि सभी क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीद जारी है। यदि किसान को अपनी उपज बेचने में समस्या आ रही हो तो जानकारी दें। समस्या का समाधान किया जाएगा। यदि केंद्र प्रभारी खरीद में हीलाहवाली करेंगे तो उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।