उन्नाव। उन्नाव डिपो ने रविवार से उन्नाव से दिल्ली के बीच चलने वाली अंतरराज्यीय बस सेवा बंद कर दी है। दोपहर 2:30 बजे दिल्ली जाने के बस स्टेशन पर तैयार खड़ी बस को वर्कशॉप लौटा दिया गया। इससे दिल्ली जाने के लिए निकले लोगों को मायूस होना पड़ा। हालांकि ट्रेन से दिल्ली जाने-आने का विकल्प खुला है। गोमती एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों में आरक्षित टिकट उपलब्ध है।
जिले से प्रतिदिनि सैकड़ों लोग ट्रेन व बसों से दिल्ली आवागमन करते हैं। परिवहन निगम उन्नाव से दिल्ली के बीच नियमित रूप से दस बसों का संचालन करता है। हालांकि पिछले सप्ताह पंचायत चुनाव में फंसे होने से सिर्फ पांच बसों का संचालन किया गया। रविवार को 2:30 बजे दिल्ली जाने के लिए स्टेशन पर खड़ी बस को अंतरराज्यीय बस सेवा बंद किए जाने की जानकारी देकर वापस बुला लिया। स्टेशन प्रभारी पीके सिंह ने बताया कि अब दिल्ली के लिए कोई बस नहीं भेजी जाएगी। वहीं दूसरी ओर ट्रेनों से दिल्ली का सफर करने में अभी किसी तरह की परेशानी नहीं है। सोमवार व मंगलवार को दिल्ली जाने के लिए गोमती में एसी चेयरकार व दूसरी श्रेणी के आरक्षण उपलब्ध है। 6 मई को प्रयागराज से चलकर बीघापुर होकर उन्नाव जंक्शन होते हुए दिल्ली, चंडीगढ़ तक जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस ट्रेन में भी पर्याप्त सीटें खाली हैं।