उन्नाव। धान खरीद में लापरवाही पर डीएम रवींद्र कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने अब तक लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत खरीद न होने पर नाराजगी जताई। तीन दिन में लक्ष्य की पूर्ति न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
कलक्ट्रेट कक्ष में डीएम ने शुक्रवार दोपहर धान खरीद की समीक्षा की। उन्होंने लक्ष्य 20 हजार के सापेक्ष 19 हजार एमटी की ही खरीद पर नाराजगी जताई। चेतावनी दी कि क्रय एजेंसियां अपना रवैया सही कर लें। किसी भी अधिकारी को यदि धान खरीद में कोई कठिनाई आती है तो उच्चाधिकारियों को जानकारी देकर समाधान करा लें। इसके बाद भी धान क्रय का लक्ष्य समय पर पूरा नहीं होता है तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें। सीएमआर लेकर पहुंचे ट्रकों को बाहर रोकने पर डीएम ने एफसीआई अधिकारियों से नाराजगी जताई।
कहा कि ट्रकों को अनावश्यक रूप से बाहर न रोका जाए। सभी मिलर्स को निर्देश दिए कि समय से चावल एफसीआई गोदाम पहुंचाएं। कुछ मिलर्स ने मिल में बिजली कनेक्शन न होने की जानकारी दी तो डीएम ने दो दिन में कनेक्शन देने के आदेश अधीक्षण अभियंता को दिए। क्रय एजेंसियोें एवं मिलर्स को मौका देते हुए कहा कि तीन दिन के अंदर सभी लोग अपना लक्ष्य पूरा करें। प्रत्येक दिन की प्रगति रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट चंदन पटेल, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट नन्हकू, जिला खाद्य विपणन अधिकारी राजीव कुलश्रेष्ठ मौजूद रहे।