फतेहपुर चौरासी के बूचागाड़ा गांव में जलभराव के बीच निकलते ग्रामीण।
- फोटो : UNNAO
फतेहपुर चौरासी। चार दिन पहले हुई बारिश से बूचागाड़ा मार्ग पर जाने वाले रास्ते में पानी भर गया। जलभराव व दलदल होने से ग्रामीणों व राहगीरोें के सामने आवागमन में परेशानी हो गई। इसी गांव के लोगों ने बांगरमऊ विधानसभा उपचुनाव में सड़क की वजह से मतदान का बहिष्कार किया था।
लोकनिर्माण विभाग ने करीब डेढ़ दशक पहले बूचागाड़ा-मझेरिया कला मार्ग का डामरीकरण किया था। देखरेख व मरम्मत के अभाव में मार्ग दिनों दिन खराब होता गया। सबसे अधिक समस्या गांव बूचागाड़ा में है। यहां जल निकासी की व्यवस्था न होने से बारिश से रास्ते में जलभराव हो गया। विधानसभा उपचुनाव में ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार भी किया था। सीडीओ के आश्वासन पर मतदाताओं ने मतदान किया था। लोकनिर्माण विभाग ने भी मार्ग के गड्ढों में ईटा के रोड़े व राबिस डालकर आवागमन को सुगम बनाने का प्रयास किया।
साथ ही 39.6 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का प्रस्ताव भी भेज दिया। लेकिन अभी तक समस्या का कोई हल नहीं निकला। शीतकालीन की पहली बारिश में ही मार्ग में जलभराव हो गया। इससे आवागमन में लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों में मनीष, बेचेलाल व विनोद ने बताया कि लोकनिर्माण विभाग ने मार्ग पर बने छोटे-छोटे गढ्ढों में रोड़ा व राबिस डालकर अपना पल्ला झाड़ लिया। आखिर में बारिश में उसी स्थिति का सामना करना पड़ा। पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता नागेंद्र सिंह ने बताया कि बजट आते ही मार्ग का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।