उन्नाव। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशन में विधानसभा मतदाता सूची का संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम मंगलवार से शुरू हुआ। डीएसएन कालेज में डीएम रवींद्र कुमार ने कार्यक्रम की शुरुआत की। पुनरीक्षण 15 दिसंबर तक चलेगा।
डीएम ने 18 वर्ष की आयु के युवाओं से कहा कि वह मतदान करने के पात्र हो गए हैं इसलिए वह मतदाता पंजीकरण फार्म 6 भरकर अपने बीएलओ को दें। बताया कि मंगलवार से पूरे जनपद में मतदाता पंजीकरण कराए जाने की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। तहसीलस्तर पर उपजिलाधिकारियों ने अपने क्षेत्रों में मतदाता पंजीकरण की शुरुआत कराई है। विशेष पुनरीक्षण तिथियां 22 व 28 नवंबर तथा 5 और 13 दिसंबर 2020 निर्धारित की गई हैं।
इन तिथियों में नए मतदाता बनने के लिए फ ार्म 6, किसी मतदाता का नाम शामिल होने पर आपत्ति एवं नाम हटाने के लिए फ ार्म 7, मतदाता सूची की किसी प्रविष्टि को शुद्ध कराने, फ ोटो शामिल कराने के लिए फ ार्म 8, एक ही विधानसभा क्षेत्र में पोलिंग बूथ पर परिवर्तन के लिए फ ार्म 8ए तथा विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों के लिये फ ार्म 6ए भरना होगा।
निर्धारित फ ार्म शिक्षण संस्थाओं, पोलिंग बूथ, मतदाता पंजीकरण केंद्र व तहसील आदि से नि:शुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं। इस दौरान एसडीएम सदर अक्षत वर्मा, नगर मजिस्ट्रेट चंदन पटेल, डीआईओएस राकेश कुमार व प्राचार्य डा. मानवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन डा. सुनील वर्मा ने किया। बांगरमऊ में आरएस गर्ल्स डिग्री कालेज में एसडीएम दिनेश कुमार ने मतदाता सूची पुनरीक्षण एवं रजिस्ट्रेशन कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रबंधक रिजवान अहमद व प्राचार्य डा. मदन मोहन सिंह आदि मौजूद रहे।