सफीपुर में लाल झंडी लगाकर सरकारी भूमि का चिह्निकंन करता राजस्व कर्मी।
- फोटो : UNNAO
सफीपुर। सकहन राजपूतान गांव में 18 बीघा सरकारी भूमि पर बोई गई फसल को तहसील प्रशासन ने कब्जे में ले लिया है। जमीन के चारों तरफ लाल झंडियां भी लगाई गई हैं। एसडीएम ने बताया कि फसल को किसी के सुपुर्द कर उपज की रकम सरकारी खाते में जमा कराई जाएगी।
पिछले दिनों ग्रामीणों ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करते हुए धान की फसल तैयार किए जाने की शिकायत की थी। एसडीएम राजेंद्र कुमार जांच की थी। एसडीएम के निर्देश पर लेखपाल ने जमीन की नाप की तो भूमि को राजस्व अभिलेख में बंजर दर्ज होना पाया। तहसील प्रशासन ने अब इस भूमि को अपने कब्जे में ले लिया है। तैयार फसल की बिक्री से प्राप्त होने वाली रकम को राजस्व के तौर पर सरकारी खाते में जमा कराने के निर्देश भी दिए। एसडीएम ने बताया कि फसल को सुपुर्दगी में देने के लिए ग्रामीणों से आवेदन मांगे गए हैं। सरकारी जमीन पर फसल बोने के आरोपी सुधीर कुमार का कहना है कि इस जमीन पर उनके पूर्वज भी खेती करते रहे हैं। 1970 में हुए सर्वे के दौरान राजस्व कर्मियों ने जमीन को बंजर दर्ज कर दिया। जानकारी होने पर चकबंदी के अलावा एसडीएम न्यायालय में पैरोकारी करते हुए साक्ष्य भी प्रस्तुत किए गए, लेकिन मामले का निस्तारण नहीं हो सका है।