क्रासर-
सदर बाजार, बड़ा चौराहा की तरफ नहीं जा सकेंगे वाहन
यातायात पुलिस ने तैयार किया डायवर्जन प्लान, 29 से 31 तक रहेगा प्रभावी
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। धनतेरस और दिवाली पर 29 से 31 अक्तूबर तक शहर में यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। सदर बाजार, बड़ा चौराहा सहित प्रमुख बाजार में ऑटो, ई-रिक्शा और चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
धनतेरस और दिवाली पर प्रमुख बाजारों में भीड़ होने से यातायात पुलिस ने अगले तीन दिन के लिए शहर में डायवर्जन लागू किया है। नगर पालिका तिराहा से सदर बाजार की ओर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंधित रहेगा। शुक्लागंज और गदनखेड़ा बाईपास की ओर से आने वाले ई-रिक्शा को गांधीनगर तिराहा से आगे नहीं जाने दिया जाएगा, जबकि चार पहिया वाहनों को छोटा चौराहा से लोकनगर और की ओर भेजा जाएगा। सिविल लाइन्स से बड़ा चौराहा की ओर जाने वाले वाहनों को आंबेडकर पार्क तिराहा से कचहरी पुल की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। छोटा चौराहा से बड़ा चौराहा की ओर से भी इन वाहनों का बड़ा चौराहा की तरफ प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
इन रास्तों से जा सकेंगे
- सदर बाजार और धवन रोड जाने वाले लोग ई-रिक्शा, ऑटो और चार पहिया वाहन से हरदोई पुल से नगर पालिका के सामने एकल मार्ग से कसाई चौराहा तक पहुंच सकेंगे, यहां से पैदल धवन रोड और बड़ा चौराहा पहुंच सकेंगे।
- शेखपुर, आदर्श नगर और शुक्लागंज की ओर से शहर के बड़ा चौराहा की तरफ से आने वाले लोग चार पहिया से छोटा चौराहा तक पहुंच सकेंगे। इससे आगे बर्तन बाजार और बड़ा चौराहा पैदल जा सकेंगे।
- चार पहिया वाहन छोटा चौराहा से लोकनगर मार्ग होते हुए कब्बाखेड़ा तिराहा से सफीपुर, बांगरमऊ और सिविल लाइन्स की तरफ से कलक्ट्रेट रोड, जेल रोड होते हुए हरदोई रोड पुल से आईबीपी चौराहा और रेलवे स्टेशन तक जा सकेंगे।
- आवास विकास बाईपास तिराहा से आवास विकास कालोनी, मोतीनगर और हरदोई रोड पुल की तरफ से आईबीपी चौराहा से रेलवे स्टेशन तक पहुंच सकेंगे। यहां से स्टेशन रोड और कचौड़ी गली से पैदल सदर बाजार पहुंच सकेंगे।
बोले जिम्मेदार
त्योहार में शहर के मुख्य बाजारों में भीड़ होने से जाम की समस्या न हो इसके लिए ऑटो, ई-रिक्शा और चार पहिया वाहनों के लिए यातायात के रूटों में बदलाव किया गया है। लोगों को ज्यादा परेशानी न हो इसके लिए फुटपाथ पर वाहन पार्किंग नहीं होने दी जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस और होमगार्डों को तैनात किया जाएगा। लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
- भवन सिंह मौर्य, यातायात प्रभारी