उन्नाव। रिक्त सीटों पर हुए प्रधान पद के चुनाव में वोटों की झमाझम बारिश हुई। 11 गांवों में ताल ठोक रहे 65 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटी में बंद हो गया। मतगणना 11 मई को होगी और उसी दिन नतीजे घोषित किए जाएंगे।
26 अप्रैल को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 11 पंचायतों में प्रधान पद का चुनाव कई प्रत्याशियों की मौत होने के बाद रद्द कर दिया गया था। रविवार को इन सीटों पर प्रधान पद का चुनाव संपन्न कराया गया।
चुनाव के लिए बनाए गए 33 में से कई मतदान केंद्रों पर सुबह से मतदाताओं की लाइन लगी तो देर शाम तक नहीं टूटी। दिन चढ़ने के साथ ही वोट का ग्राफ बढ़ने लगा। मताधिकार का प्रयोग करने में युवा, बुज़ुर्ग, महिलाओं और दिव्यांगों ने खूब उत्साह दिखाया।
शाम 6 बजे समाप्त हुई पोलिंग में प्रशासन ने 79.2 प्रतिशत मतदान होने का दावा किया। डीएम रवींद्र कुमार ने बताया कि 11 रिक्त सीटों में मतदान प्रक्रिया पूरी हो गई है। मतदान के दौरान कोविड नियमों का पूरी तरह पालन कराया गया है। कहीं कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
मालूम हो कि 26 अप्रैल को 1029 ग्राम पंचायतों में हुए चुनाव में 70.06 फीसदी मतदान हुआ था। मतदान संपन्न होने के बाद पीठासीन अधिकारियों ने मतपेटियों को सीलकर स्ट्रांग रूम में जमा कर दिया। मतों की गिनती 11 मई को होगी। इसके लिए ग्राम पंचायत के संबंधित ब्लॉक कार्यालय ही मतगणना केंद्र बनाए जाएंगे।