उन्नाव। जिला पंचायत सदस्य की चार ब्लाकों की 13 सीटों के लिए 97 प्रत्याशी मैदान में होंगे। कलेक्ट्रेट में शनिवार को नाम वापसी के दौरान चार उम्मीदवारों ने अपना पर्चा वापस ले लिया। इसके साथ ही नामांकन कराने वाले एक सौ एक उम्मीदवारों में 97 प्रत्याशी घोषित किए गए। प्रशासन ने इन प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न भी आवंटित कर दिए। वहीं, क्षेत्र पंचायत की कुछ सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध विजयी हो गए। वहीं कई सीटों पर नाम वापसी भी हुई।
पहले चरण में नौ अक्तूबर को बिछिया, पुरवा, हिलौली व असोहा विकासखंड की डीडीसी व बीडीसी सीटों के लिए चुनाव होगा। इन ब्लाकों की सीटों के लिए पिछले दिनों नामांकन प्रक्रिया हुई थी। शनिवार को नाम वापसी थी। जिला पंचायत सीटों के लिए चार लोगों के नाम वापस लेने के बाद 97 प्रत्याशी मैदान में हैं।
नाम वापस लेने वालों में असोहा चतुर्थ से राजकुमार, प्रथम से अजय कुमार, चिलौली चतुर्थ से वंशगोपाल और प्रथम से मयंक कुमार हैं। असोहा प्रतिनिधि के अनुसार, वर्तमान ब्लाक प्रमुख राजकुमार रावत व रेखा देवी निर्विरोध निर्वाचित हुए। 4 पर्चे खारिज होने के साथ ही 22 उम्मीदवारों ने नाम वापस ले लिया। अब ब्लाक की 75 बीडीसी सीटों पर 330 प्रत्याशी चुनाव मैदान में ताल ठोंकेंगे।
पुरवा संवाददाता के अनुसार, ब्लाक क्षेत्र में वार्ड 8 असेहरु से बीडीसी उम्मीदवार कमलेश कुमारी पत्नी परमेश्वर निर्विरोध चुन ली गईं। ब्लाक क्षेत्र में 11 उम्मीदवारों ने अपना नाम वापस ले लिया। इसके साथ ही अब बीडीसी के लिए कुल 279 प्रत्याशी मैदान में बचे हैं।
मौरावां प्रतिनिधि के अनुसार, हिलौली विकासखंड में बीडीसी सीटों के लिए नामांकन कराने वाले 17 उम्मीदवार चुनाव मैदान से हट गए। अब 483 प्रत्याशी चुनावी दंगल में अपना दमखम आजमाएंगे।
बिछिया संवाददाता के अनुसार, पांच उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए। निर्विरोध निर्वाचित होने वालों में वार्ड 67 अड़ेरुवा से सुनील पुत्र हीरालाल, वार्ड 70 नेवरना से सीमा देवी पत्नी राजेश वर्तमान प्रधान, वार्ड 45 हुसैन नगर से रमाकांती पत्नी भगवती प्रसाद, वार्ड 92 मऊ सुल्तानपुर से राजकिशोर सिंह और वार्ड 33 सुदेशा बहादुरपुर से राघवेन्द्र सिंह शामिल हैं। वार्ड 86 तौरा में किसी के पास भी एसटी का सर्टिफिकेट न होने के कारण यहां सभी का नामांकन कैंसिल कर दिया गया। इस विकासखंड में 27 उम्मीदवारों ने अपना नाम वापस ले लिया। इसके साथ ही अब बीडीसी सीटों के लिए 382 प्रत्याशी ताल ठोकेंगे।