मुख्यमंत्री द्वारा मिला प्रशस्तिपत्र दिखाते डॉ. नरेंद्र सिंह।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। कोरोना काल में टीबी के मरीजों के इलाज में जिले का लखनऊ रीजन में पहला व प्रदेश में पांचवां स्थान आने पर विश्व क्षय रोग दिवस पर जिला क्षय रोग अधिकारी को मुख्यमंत्री ने सीतापुर में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया।
कोरोना काल में टीबी मरीजों का इलाज व देखरेख में स्वास्थ्य अधिकारियों को दिक्कतें झेलनी पड़ी थीं। स्थित यह थी कि मरीज हेल्थ सेंटर तक नहीं पहुंचा पा रहे थे। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों तक दवाएं पहुंचाईं। अभियान चलाकर नए मरीजों की पहचान की। शासन स्तर से हुई समीक्षा में इस जिले को लखनऊ रीजन में पहला और प्रदेश में पांचवां स्थान मिला था।
बुधवार को सीतापुर जिले के ब्लॉक कसमंडा के सुरैचा में संचालित विद्या ज्ञान विद्यालय में सीएम योगी आदित्यनाथ ने जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. नरेंद्र सिंह को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि जिले को यह सफलता टीबी रोग विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की कड़ी मेहनत से मिली है।