उन्नाव। शारदा नहर के मुख्य अभियंता ने बीघापुर के डोंडियाखेड़ा में संचालित डलमऊ बी पंप कैनाल का निरीक्षण किया। उन्होंने बाहरी कार्यों का जल्द काम पूरा कराकर चालू कराने के निर्देश दिए।
शुक्रवार शाम मुख्य अभियंता एचएन सिंह डलमऊ बी पंप कैनाल का निरीक्षण करने पहुंचे। करीब 78 करोड़ की इस परियोजना का उन्होंने गहनता से जायजा लिया। मौके पर मौजूद स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि पंप पूरे बिछाए जा चुके हैं। परियोजना के अंदरूनी कार्य पूरे हो चुके हैं। पंप की टेस्टिंग भी पूरी कर ली गई है। एक जगह नहर कटान की समस्या आई थी, जिसकी मरम्मत करा दी गई थी।
अब कहीं कोई समस्या नहीं है। मुख्य अभियंता ने बाहर के कामों को भी देखा। निर्देश दिए कि रोड का काम जल्द पूरा कराएं। पंप के पिछले हिस्से में भी सुरक्षात्मक कार्य भी करा दें। एक्सईएन गगन शुक्ला ने बताया कि डलमऊ पंप से जिले के लगभग 100 और रायबरेली के 200 गांव के 40 हजार किसानों को फसल सिंचाई का लाभ मिलेगा। जल्द से जल्द शुभारंभ कराने की तैयारी की जा रही है।