अभी नहीं चेते तो इस बारिश में पूरा शहर टापू बनेगा। शहर के नालों के चोक होने से अभी से जगह-जगह नालियां उफनाने लगी हैं। इनका पानी सड़क पर भरता है। हर साल अप्रैल माह से नालों की सफाई का काम शुरू करवा दिया जाता था। इस बार आधी मई बीतने के बाद भी नगर पालिका ने नाला सफाई की सुध तक नहीं ली ।
नगर पालिका परिषद उन्नाव क्षेत्र में 17 प्रमुख नाले हैं। हर साल मानसून से पहले नालों की सफाई करा दी जाती है। शहर के नालों की सफाई में आधा दर्जन ठेकेदार मिलकर काम करते, तब भी सफाई में करीब डेढ़ माह का समय लग जाता है। मई माह का पहला पखवारा बीतने के बाद भी अभी तक पालिका के जिम्मेदारों ने कोई तैयारी शुरू तक नहीं की है। शहर के लगभग सभी नाले चोक हो चुके हैं।
इनमें सिल्ट जमा है । इससे इनका पानी आगे नहीं बढ़ पा रहा है। शहर की नालियों का पानी उफनाकर रोड पर भरने लगा है। पालिका ने तेज गति से नालों की सफाई नहीं कराई तो मानसून आने के बाद शहरियों को खासी मुश्किलें उठानी पड़ेंगी।