पुरवा विधानसभा क्षेत्र के मौरावां में सौ बेडों से लैस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खुलेगा। गुरुवार को विधायक उदयराज यादव ने निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। सीएचसी बनने से क्षेत्र की लगभग बीस हजार लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का फायदा मिलेगा। 35 करोड़ की लागत से सीएचसी का निर्माण चालू वर्ष के दिसंबर तक पूरा होगा।
मौरावां में स्वास्थ्य केंद्र निर्माण के लिए कमेटी के सदस्यों ने रामलीला मैदान की भूमि दी थी। भूमि मिलने के बाद अस्पताल निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। शासन स्तर से 35 करोड़ की लागत से सीएचसी निर्माण को हरी झंडी मिली। इतना ही नहीं 14 करोड़ रुपये की धनराशि भी कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम को जारी कर दिए गए। गुरुवार को पुरवा विधायक उदयराज यादव ने निर्माण की आधार शिला रखी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय लोगों को बीमारियों से निजात दिलाने के लिए शासन ने सीएचसी निर्माण को मंजूरी दी है। सीएचसी निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए परेशानी नहीं उठानी होगी।
स्वास्थ्य विभाग के जेई राजकुमार ने बताया कि दिसंबर 2016 तक सीएचसी निर्माण की डेडलाइन दी गई है। अभी तक ले आउट प्लान भी तैयार नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि अभी तक इस क्षेत्र में दो पीएचसी हैं। इसमें से एक हिलौली व दूसरी मवई ब्रह्मनान में हैं। इस दौरान भूमि दाता विवेक सेठ, ब्लाक प्रमुख असोहा राज कुमार रावत, हिलौली नीरज यादव, पुरवा शिव बहादुर पटेल, रोहित शुक्ला, पप्पू, हरिकेश यादव मौजूद रहे।