फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कवरेज कर रहे मीडियाकर्मी को सीडीओ ने पीटा

विज्ञापन
विज्ञापन
उन्नाव। मियागंज ब्लॉक के बाहर हो रहे उत्पात का कवरेज करना मीडियाकर्मी को भारी पड़ गया। सीडीओ ने भीड़ खदेड़ने के दौरान कवरेज कर रहे मीडियाकर्मी को भी दौड़ाकर पीटा। उनके साथ मौजूद एक अन्य युवक ने भी मीडियाकर्मी से मारपीट की। वहीं भगदड़ में कई मीडियाकर्मियों को चोटें आईं हैं। इसके बाद नाराज मीडियाकर्मियों ने लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर ब्लॉक के सामने जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे डीएम और एसपी ने समझाने का प्रयास किया पर मीडियाकर्मियों ने सीडीओ पर रिपोर्ट और निलंबन की कार्रवाई के बाद ही धरने से हटने की बात कही।
विज्ञापन

चुनाव के चलते मियागंज ब्लॉक अतिसंवेदनशील था। इसके बाद भी यहां सुबह से ही राजनैतिक दलों के कार्यकर्ताओं का उत्पात जारी था। निर्दलीय व अन्य दलों के बीडीसी को परिसर के बाहर खदेड़ा जाता रहा। लगभग डेढ़ बजे परिसर के बाहर एक बीडीसी को पहले जमकर पीटा गया फिर कुछ लोगों ने कार में जबरन बैठाने की कोशिश की, उसके शोर मचाने पर वहां मीडियाकर्मी पहुंच गए। तब तक पुलिस ने बीडीसी को छुड़ाकर अगवा करने वाले कार सवारों को भगा दिया। मौके पर अन्य अधिकारी भी पहुंच गए। वहां लगी भीड़ को खदेड़ने के लिए सीडीओ दिव्यांशु पटेल ने लाठी चलानीं शुरू की।
तभी उसकी कवरेज मीडियाकर्मी कृष्णा तिवारी करने लगा। जिससे झल्लाए सीडीओ ने सार्वजनिक रूप से उसे पीटना शुरू कर दिया। जिसके बाद एक अन्य युवक आया और उसने भी मीडियाकर्मी की पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान अन्य पुलिस अधिकारी तमाशा देखते रहे। लाठी चार्ज व भगदड़ से कई मीडियाकर्मी चुटहिल हुए। घटना से गुस्साए मीडियाकर्मी ब्लाक के सामने ही धरने पर बैठ गए। सूचना पर पहुंचे डीएम व एसपी ने समझाने की कोशिश की लेकिन मीडियाकर्मी सीडीओ पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। कृष्णा तिवारी ने सीडीओ व दूसरे युवक के खिलाफ डीएम को तहरीर दी है। डीएम के कार्रवाई के निर्देश पर मीडियाकर्मियों ने धरना समाप्त किया। वहीं पुरवा में भी पुलिस ने लाठी पटककर भीड़ को खदेड़ा।
विज्ञापन

घटना से आक्रोशित मीडियाकर्मियों ने कलक्ट्रेट परिसर में भी धरना देते हुए सड़क जाम कर दी। यहां हिंदू जागरण मंच के प्रांतीय मंत्री विमल द्विवेदी व बजरंग दल के रघुवंशमणि त्रिवेदी समेत अन्य हिंदू संगठनों के लोग भी पत्रकारों के समर्थन में उतर आए। यहां बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। वहीं पुरवा, सफीपुर तहसील व अन्य स्थानों में विरोध प्रदर्शन हुए।
पुलिस को सूचना मिली कि ब्लाक परिसर से दो किमी दूर सरंभा पुलिया के पास एक बीडीसी से मारपीट हो रही है। यहां पुलिस के साथ मीडियाकर्मी भी पहुंचे। हालांकि यहां से सब निकल चुके थे। आरोप है कि वहां से मीडियाकर्मी राजा राजपूत साथी कृष्णा तिवारी के साथ बाइक से ब्लाक की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आ रही एक कार ने राजा को कुचलने का प्रयास किया। कार से उतरे 6-7 युवकों ने कृष्णा से मारपीट कर मोबाइल तोड़ दिए। मारपीट करने वाले भगवा रंग का गमछा गले में डाले थे।
चकलवंशी। मियागंज नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुख धर्मेंद्र सिंह का आरोप है कि मतदान के दौरान पुलिस व विपक्ष के लोगों ने उसके बेटे अभय सिंह को बेरहमी से पीटा। परिणाम घोषित होने के बाद शाम लगभग 6 बजे धर्मेद्र अपने समर्थकों व भाई देवेंद्र के साथ ब्लाक के सामने पहुंच गए और कार्रवाई की मांग कर हंगामा शुरू कर दिया। जिस पर पुलिस ने लाठी चार्ज कर सभी को खदेड़ा। लाठी चार्ज में धमेंद्र पक्ष के कई लोगों को चोटें आई हैं।
मियागंज ब्लॉक प्रमुख चुनाव में बीडीसी को अगवा करने, मारपीट किए जाने की सूचना पर तीन बार डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे और जांच कर कुछ न मिलने की बात कह लौट गए। जबकि एक बीडीसी को अगवा करने के प्रयास में उसका खेतों में भागते हुए वीडियो भी वायरल हुआ है।
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीटर पर मीडियाकर्मी से मारपीट की घटना की कड़ी निंदा की है। फेसबुक पर भी उन्होंने घटना के संबंध में पोस्ट की। वहीं सपा एमएलसी सुनील साजन ने भी सरकार पर निशाना साधा।
पत्रकार के साथ मारपीट करने वाले सफेदपोश का नाम अंकुर यादव है। वह किस दल से इसकी जानकारी जुटाने के लिए उससे पूछताछ की जा रही है। पत्रकार को पीटने में उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आनंद कुलकर्णी, एसपी
पत्रकार के साथ मारपीट का एक वीडियो वारयल हुआ है, जिसमें सीडीओ दिव्यांशु पटेल पत्रकार से मारपीट, अभद्रता करते दिख रहे हैं। पत्रकार कृष्णा द्वारा तहरीर दी गई है। जांच करा निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। सीडीओ के अलावा पत्रकार से मारपीट करने वाले सफेदपोश को हिरासत में लिया गया है।
रवींद्र कुमार डीएम
धरने के दौरान लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर वाहनों की कतारें लग गई। धरना समाप्त होने तक लगभग 4 घंटे जाम लगा रहा। इस दौरान राहगीर व आवागमन कर रहे लोग गर्मी से जूझते रहे। धरना खत्म होने के बाद पुलिस ने आवागमन शुरू कराया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें