उन्नाव। राजकीय इंटर काॅलेज मैदान पर मतदाता दिवस पर 185 नए वोटरों को कार्ड वितरित किए गए। डीएम ने मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी छात्र छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
डीएम गौरांग राठी ने पहले पतंग उड़ाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। साथ ही मतदाता जागरूकता से संबंधित पेटिंग, मेहंदी, पतंग एवं रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। डीएम व अन्य अधिकारियों ने मतदाता जागरूकता के लिए बनाए गए प्वाइंट पर सेल्फी भी ली। इसके बाद डीएम ने अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्रों व अन्य लोगों को मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलाई।
उन्होंने बताया कि किसी भी लोकतांत्रिक देश में सरकार बनाने में मतदाताओं की मुख्य भूमिका होती है। इसलिए 18 साल पूरे कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में जोड़ने तथा वोट के प्रति उन्हें जागरूक करना ही मतदाता दिवस का मुख्य उद्देश्य है। प्रत्येक बालिग को मतदाता सूची में जरूर जोड़ा जाए। ऑनलाइन मतदाता कार्ड आसानी से बनवाया जा सकता है।
डीएम ने लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 में सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों, बीआरसी, सुपरवाइजर व बीएलओ को प्रशस्तिपत्र दिए। एसपी दीपक भूकर, सीडीओ प्रेम प्रकाश मीणा, एडीएम सुशील कुमार गोंड, विकास कुमार सिंह, राजीव राज, क्षितिज द्विवेदी, डीआईओएस एसपी सिंह, बीएसए संगीता सिंह व अटल बिहारी इंटर काॅलेज के प्रधानाचार्य अजब सिंह आदि मौजूद रहे।
-
12 बीएलओ व चार सुपरवाइजरों को दिए प्रशस्ति पत्र
पुरवा। तहसील सभागार में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर एसडीएम उदित नारायण सेंगर व तहसीलदार साक्षी राय ने राजस्व कर्मियों व लोगों को शपथ दिलाई। अच्छा कार्य करने वाले 12 बीएलओ व चार सुपरवाइजरों को प्रशस्ति पत्र सौंपे। लेखपाल प्रशांत पांडेय, पंकजधीर, पंकज सिंह, सूर्य प्रताप सिंह, ब्रजेश सिंह, विजय सिंह, शिवपाल आदि मौजूद रहे। सफीपुर तहसील परिसर से रैली को एसडीएम नवीन चंद ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में उच्च प्राथमिक विद्यालय कजियाना, खादिमअलीखेड़ा, उच्च कन्या विद्यालय सफीपुर आदि के बच्चों ने प्रतिभाग किया। शिक्षक राघवेंद्र सिंह, मेराज आलम, देवेंद्र सिंह कुशवाहा, अवनेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे। (संवाद)
तहसील परिसर से निकाली गई रैली
हसनगंज। तहसील परिसर से मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। एसडीएम रामदेव निषाद, तहसीलदार आशुतोष पांडेय व सीओ संतोष सिंह समेत स्कूली बच्चों ने लोगों से शत प्रतिशत तथा बिना लालच के मतदान करने की अपील की। लेखपाल प्रशांत मिश्रा, नवीन तिवारी भी मौजूद रहे। (संवाद)
सहायक शिक्षिका को दिया प्रशस्ति पत्र
नवाबगंज। ब्लाॅक के बजेहरा प्राथमिक विद्यालय की सहायक शिक्षिका अनिशा सिंह को बीएलओ के रूप में अच्छा कार्य करने पर लखनऊ के इंदिरा प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। (संवाद)