गंजमुरादाबाद। बेहटामुजावर थानाक्षेत्र के गौरियाकला गांव के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के निजी बस की टक्कर से कार चालक की माैत हो गई। ट्रक में पीछे से हुई टक्कर के बाद चालक कार खड़ी कर खरोेंच देख रहा था। इसी दाैरान बस ने उसे चपेट में ले लिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है। कार सवार परिवार मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन करके बिहार लौट रहा था।
बिहार के जिला पटना के थाना पाटिलपुत्र के मोहल्ला रामकृष्ण कालोनी निवासी अजय राम (50), उनकी पत्नी सुधा (45), बेटे आर्यन राम (19), बेटी माधवी (15), मां रेनू भारती (70) व भाई अमृतांश प्रियदर्शी (30) कार से दो अप्रैल को बालाजी के दर्शन करने गए थे। परिवार वापस घर लौट रहा था। कार जिला पटना के थाना मोकामा के मोदीयारटोला वार्ड नंबर 12 निवासी सूरज (25) चला रहा था।
रविवार तड़के एक्सप्रेसवे पर गौरियाकला गांव के पास आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिया जिससे पीछे चल रही कार की हल्की सी टक्कर हो गई। सूरज कार किनारे खड़ी कर गाड़ी में आई खरोंच देख रहा था। इसी दाैरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार निजी बस ने उसे टक्कर मार दी जिससे सूरज करीब 50 फीट दूर उछलकर जा गिरा। यूपीडा और पीआरवी ने घायल चालक को सीएचसी बांगरमऊ पहुंचाया जहां उसे मृत घोषित कर दिया। सूरज अपने पिता की इकलौती संतान था और उसकी शादी नहीं हुई थी। पिता बालमुकुंद की एक साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है।
थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि कार का चालक गाड़ी किनारे खड़ी कर क्षति की जांच कर रहा था। इसी दाैरान निजी बस ने उसे टक्कर मार दी। कार सवार दर्शनार्थी सुरक्षित है। सभी अन्य साधनों से गंतव्य के लिए रवाना हो गए। चालक के परिजन को सूचना दे दी गई है। निजी बस का पता लगाया जा रहा है।