चकलवंशी। हरदोई-उन्नाव मार्ग पर भिनकीपुर गांव के पास टूटी पुलिया से बचने की कोशिश में कार सामने से आ रहे ट्रक में टकराकर खंती में चली गई। हादसे में कार सवार सेना के जवान सहित पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया।
माखी थानाक्षेत्र के रनागढी निवासी शुभम सिंह सेना में फौजी हैं। बुधवार को वह छुट्टी पर घर आए थे। रात नौ बजे गांव के दोस्त शैलेश सिंह, आपे सिंह, अर्पित सिंह, अमरीश के साथ कार से जमालुद्दीनपुर ढाबा जा रहे थे। हरदोई-उन्नाव मार्ग भिनकीपुर गांव के पास टूटी पुलिया से बचने के लिए सामने आ रहे ट्रक से कार टकरा कर खंती में चली गई। एयरबैग खुलने से सभी की जान बच गई। जवान का पैर फ्रैक्चर हो गया। ग्रामीणों ने सभी को कार से बाहर निकाला। थानाध्यक्ष संदीप मिश्र ने बताया कि ट्रक से टकराने के बाद कार खंती में जाने से पांच घायल हुए हैं, टक्कर मारने वाले ट्रक का पता लगाया जा रहा है।