उन्नाव। नाला खोदाई के दौरान केबल कटने से सिविल लाइंस क्षेत्र के पांच मोहल्लों की बिजली चार घंटे गुल रही। अधिकारियों के मुताबिक, खोदाई करने की सूचना पहले से नहीं दी गई थी।
शहर के मोहल्ला सिविल लाइंस में निर्माणाधीन नाले के लिए रविवार सुबह करीब नौ बजे ठेकेदार ने खोदाई शुरू कराई। पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास लगे ट्रांसफार्मर की अर्थिंग के तार कट जाने से पुराना नार्मल स्कूल कालोनी, बंदूहार सहित आसपास के मोहल्लों की आपूर्ति ठप हो गई। सूचना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारी पहुंचे तो वहां ट्रांसफार्मर की अर्थिंग के टूटे मिले।
सिविल लाइंस जेई निशांत कुमार ने बताया कि खोदाई करने से पहले ठेकेदार की तरफ से कोई सूचना नहीं दी गई और न ही उसके कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर के पास खोदाई करते समय सावधानी बरती। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। बताया टूटे केबल को जोड़कर दोपहर करीब एक बजे बिजली आपूर्ति सामान्य करा दी गई।