उन्नाव। कचहरी क्रासिंग पर निर्माणाधीन आरओबी की सर्विस लेन की जद में बड़ा चौराहे पर आने वाले निर्माणों पर रविवार को बुलडोजर गरजा। इस दौरान मकानों के साथ दुकानों को भी जमींदोज कर दिया गया।
भारी पुलिस बल होने के कारण कोई भी विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटा सका। कुछ व्यापारियों ने ज्यादा नुकसान से बचने के लिए खुद ही मजदूरों को बुलाकर निर्माण तुड़वा दिए। ऐेसे व्यापारियों को सिटी मजिस्ट्रेट ने दो घंटे की मोहलत दी। इस दौरान सूचना विभाग कार्यालय भी जद में आने पर ढहा दिया गया।
कचहरी क्रासिंग पर आरओबी का काम जैसे-जैसे बढ़ता जा रहा है वैसे-वैसे उसकी जद में आने वाली बिल्डिंगों को प्रशासन तुड़वा रहा है। कचहरी रोड पर सफाया करने के बाद जिला प्रशासन ने बड़े चौराहे पर जद में आ रहे व्यापारियों को नोटिस भिजवाकर दुकान खाली कराने के आदेश दिए थे। इसके साथ ही यह भी कहा था कि जो व्यापारी अपनी बिल्डिंग स्वेच्छा से तुड़वाना चाहते हैं वह तुड़वा लें अन्यथा बुलडोजर से बिल्डिंग ढहा दी जाएगी। नोटिस मिलने के बाद कुछ व्यापारियों ने पहले से ही दुकान खाली करने के साथ ही मजदूरों से बिल्डिंग को तुड़वाना शुरू कर दिया था।
रविवार को सुबह नौ बजे प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट अर्चना द्विवेदी, एसडीएम सदर जसजीत कौर, एसडीएम पुरवा प्रशांत भारती, तहसीलदार सुरेश कुमार राय व सीओ सिटी गोपीनाथ सोनी दलबल के साथ चार जेसीबी लेकर बड़ा चौराहा पहुंचे। बुलडोजर व प्रशासनिक अमला देख व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
जिन व्यापारियों ने सामान नहीं हटवाया था उनकों दो घंटे की मोहलत दी गई। दोपहर लगभग 12.30 बजे जेसीबी चलना प्रारंभ हुई। मकानों की ऊंचाई अधिक होने के कारण जेसीबी चालकों को उन्हें ढहाने में भी दिक्क्तें उठानी पड़ीं। एक तरफ जेसीबी बिल्डिंग ढहा रही थी वहीं दूसरी ओर व्यापारी अधिक नुकसान के डर से सामान समेटने के साथ मजदूरों से खुद ही अपनी बिल्डिंग तुड़वा रहे थे। शाम सात बजे तक लगभग अस्सी फीसदी भवन बुलडोजर से ढहा दिए गए थे। इस दौरान कोई घटना न घटित हो इसके लिए पुलिस बल के साथ ही भारी संख्या में पीएसी तैनात की गई थी।