उन्नाव। सदर कोतवाली के गांव पटकापुर में दो बच्चों को जहर देने के बाद महिला के फंदे से लटकने की घटना में पुलिस ने एक आरोपी जेठ को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। जबकि दो जेठ और जेठानी अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
पटकापुर गांव निवासी संतकुमार यादव की पत्नी सोमवती (35) ने ससुरालीजनों की प्रताड़ना से ऊबकर अपने दो बेटे अंश (12) और सुधीर (9) को 18 मई की शाम जहर देकर खुद फंदा लगा लिया था। मां और एक बेटे की मौत हो गई थी। जबकि बड़े बेटे अंश को समय पर इलाज मिलने से वह बच गया था।
उत्पीड़न के आरोपी परिजन उसका निजी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। हालत में सुधार होने के बाद मृतका के पिता बिहार थानाक्षेत्र के चिकंदरपुर निवासी शिवशंकर ने तीन जेठ और जेठानी के खिलाफ प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी जेठ प्रकाश यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। जबकि दो जेठ और जेठानी अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
कोतवाल प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि एक आरोपी को जेल भेजा गया है। एक जेठ और जेठानी बच्चे का इलाज करा रहे हैं। तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।