बारासगवर (उन्नाव)। थाना क्षेत्र के धानीखेड़ा में किराना दुकान का ताला तोड़कर हजारों रुपये का माल पार कर दिया, वहीं दूसरी दुकान का शटर नहीं नहीं खोल पाए।
प्रदेश में लालमिर्च के लिए प्रसिद्ध धानीखेड़ा बाजार सुरक्षा व्यवस्था में लगातार लापरवाही के कारण बदतर होती जा रही है। गुरुवार की रात चोरों ने परौरी निवासी अवधेश सिंह की दुकान से करीब पांच हजार रुपये और हजारों रुपये का सामान पार कर दिया।
इसके साथ ही चोरों ने पड़ोस में राजेश की दुकान में भी चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन यहां वे शटर खोल पाने में असफल रहे। स्थानीय दुकानदार मुन्ना सिंह, ललित वर्मा, शिवकुमार गुप्ता, गुड्डन, नानू, यूनुस खां आदि ने बताया कि करीब एक सप्ताह पूर्व ही पप्पू गुप्ता की दुकान से चोरों ने करीब पचास हजार का माल पार कर दिया था।
सूचना दिए जाने के बाद भी पुलिस ने न ही घटना की रिपोर्ट दर्ज की थी और न ही सुरक्षा के कोई इंतजाम ही किए। दुकानदारों ने बाजार में नियमित पिकेट लगाए जाने की मांग एसपी से की है।