चांदपुर में सरकारी जमीन पर बनी सीमेंटेड बाउंड्री गिराती जेसीबी।
- फोटो : UNNAO
सोनिक। चांदपुर स्थित एक स्लाटर हाउस ने ग्राम सभा की दो बिसुवा भूमि पर बाउंड्री बनवाकर कब्जा कर रखा था। ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासनिक अधिकारियों ने पैमाइश के बाद बाउंड्री तोड़ दी। नोटिस भी दी है। अवैध कब्जे वाली और भी जमीन खाली कराने की तैयारी है।
बिछिया विकासखंड के चांदपुर गांव में एक स्लाटर हाउस संचालित है। कुछ समय पूर्व ग्रामीणों ने प्रशासन को शिकायतीपत्र देकर बताया था कि फैक्टरी ने ग्राम सभा की काफी भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है। सीमेंटेड बाउंड्री कराकर गोबर आदि फेंका जा रहा है। डीएम के निर्देश पर गुरुवार को सिटी मजिस्ट्रेट चंदन पटेल राजस्व टीम लेकर पहुंचे। उन्होंने टीम से सरकारी जमीन की नापजोख कराई। सबसे पहले बाहरी हिस्से में दो बिसुवा जमीन पर सीमेंटेंड बाउंड्री खड़ी मिली।
जेसीबी बुलाकर बाउंड्री को गिरवाया गया। इसके बाद सरकारी जमीन की नापजोख कराई गई तो पता चला कि करीब चार बिसुवा जमीन फैक्टरी के अंदर है। इसके बाद परिसर के अंदर जमीन पर चूना डालकर चिह्नांकन कराया गया। लेखपाल केके शुक्ला ने बताया कि ग्रामसभा की साढ़े चार बिसुवा जमीन अभी भी फैक्टरी परिसर के अंदर है। उसे खाली कराने के लिए तहसील कोर्ट में वाद दायर किया जाएगा। उधर, प्रशासन की टीम की जांच के दौरान बाहर मवेशी लदी दो पिकअप पहुंच गई। यह देख फैक्टरी गार्ड ने पिकअप को किनारे खड़ी करा दिया। ग्रामीणों के मुताबिक पिकअप में मवेशी लदे थे।