संवाद न्यूज एजेंसी
चकलवंशी। बिरसिंहपुर गांव में वरासत में युवती को मिली जमीन को बहला-फुसलाकर इकरारनामा करा लिया। रुपये पूरे न मिलने पर युवती ने पुलिस को तहरीर दी। पीड़िता की तहरीर पर तीन के खिलाफ जालसाजी और धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
अजगैन कोतवाली के कुसुंभी गांव निवासी रामेश्वर की पत्नी सोमवती का मायका माखी थाने के गांव बिरसिंहपुर में है। पिता की मौत के बाद बाबा ने अपनी संपति पोती के नाम वरासत कर दी थी। सोमवती ने पुलिस को बताया कि ससुराल से मायका दूर होने से करीब 11 बीघा खेती की देखभाल करने वाला कोई नहीं है। सदर कोतवाली के प्रयागनारायनखेड़ा के जितेंद्र तिवारी और हनुमान नगर लोकईया खेड़ा के हिमांशू पांडेय ने 11 बीघा खेतिहर जमीन 13 लाख बीघा तय करके पुरवा कोतवाली के ऊंचगांव निवासी आदित्यानंद के नाम इकरारनामा रजिस्ट्रार आफिस में करा दिया। दो लाख नकद और दो लाख आरटीजीएस के माध्यम से खाते में भेज दिए। दो चेक दीं दोनों बाउंस हो गईं। इकरारनामा निकलवाया तो उसमें 13 लाख में पूरी जमीन लिखी मिली। अपने आपको ठगा महसूस करते हुए महिला ने खरीदारों से और रुपये मांगे तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी।
थानाध्यक्ष वीरबहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
पति, देवर सहित तीन पर दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट
बेहटामुजावर। हरदोई जिले के माधौगंज थानाक्षेत्र के चंदौली गांव निवासी आशादेवी ने बेहटामुजावार थाने में तहरीर दी है कि दहेज को लेकर पति सर्वेंद्र, ससुर रामबिलास और देवर गौरव उसे प्रताड़ित कर रहे हैं। यही नहीं 11 माह पहले घर से निकाल दिया। इससे वह अपने मायके में जाकर रह रही है। थानाध्यक्ष फूल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों के खिलाफ मारपीट, धमकी और दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। (संवाद)