उन्नाव। जनपद की तीन नगर पंचायतों के सीमा विस्तार की कवायद शुरू हुई है। शासन ने विस्तार से संबंधित रिपोर्ट मांगी है। इसको लेकर जिला प्रशासन ने संबंधित क्षेत्र के अधिशाषी अधिकारियों को पत्र भेजा है।
वर्तमान समय में जिले में तीन नगर पालिका परिषद उन्नाव, गंगाघाट व बांगरमऊ हैं। इसके अलावा 16 पंचायतों में नवाबगंज, मौरावां, पुरवा, बीघापुर, भगवंतनगर, अचलगंज, मोहान, न्योतनी, औरास, सफीपुर, फतेहपुर चौरासी, ऊगू, गंजमुरादाबाद, कुरसठ, रसूलाबाद, हैदराबाद शामिल हैं।
इनमें तीन नगर पंचायतों सफीपुर, औरास व भगवंतनगर का सीमा विस्तार होने की तैयारी शुरू कर दी गई है। शासन से इस संबंध में पत्र जिला प्रशासन को भेजा है। इसको लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से संबंधित नगर पंचायतों के ईओ को पत्र जारी करके सीमा विस्तार की रिपोर्ट मांगी है।
यह नगर पंचायतें काफी पहले गठित हुई थीं। इनके सीमा विस्तार की मांग लंबे समय से चल रही है। विस्तार में इन नगर पंचायतों के सीमावर्ती छूटे वार्डाें को शामिल किया जा सकता है। इससे क्षेत्र में नगर निकायों के तहत विकास हो सकेगा।
अपर जिलाधिकारी न्यायिक व निकाय प्रभारी अमिताभ यादव ने बताया कि संबंधित क्षेत्र के ईओ को पत्र जारी करके सीमा विस्तार को लेकर आख्या मांगी है। आख्या आने के बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।