परिषदीय स्कूलों में छात्रों को दी जाने वाली निशुल्क पुस्तकों की सप्लाई शुरू होने के साथ सत्यापन काम भी शुरू हो गया है। शनिवार से पुस्तकों को बीआरसी भेजने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
परिषदीय स्कूलों में इस बार 61 प्रकार की किताबों की सप्लाई के लिए प्रदेश सरकार ने ग्रेटर नोएडा, प्रयागराज, आगरा, लखनऊ, रायपुर, मथुरा, झांसी व हल्द्धानी में काम करने वाली 15 फर्मों को जिम्मेदारी दी है। इन फर्मों को जिले में कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों के लिए 18.50 लाख किताबें उपलब्ध करानी हैं।
लेकिन जिले में अभी 6.4 लाख किताबें ही आ पाई हैं। शुक्रवार को सत्यापन कमेटी में शामिल जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, डायट प्रवक्ता के साथ डीआईओएस राकेश कुमार, बीएसए प्रदीप कुमार पांडेय व बीईओ मुख्यालय अजीत कुमार निगम ने किताबों के सैंपल से मिलान की। संख्या से मिलान के साथ छपाई और पेपर की क्वालिटी देखी।
अधिकारी संतुष्ट नजर आए। बीएसए प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि जिले में हिंदी माध्यम की 61 प्रकार की किताबें आनी हैं। लेकिन अभी तक 31 प्रकार की किताबें आई हैं। इनमें 25 प्रकार की किताबों का सत्यापन किया जा चुका है। शनिवार से बीआरसी पर किताबें भेजने का काम शुरू कर दिया जाएगा।