मृतक हेमराज रैदास की फाइल फोटो।
- फोटो : UNNAO
गंजमुरादाबाद(उन्नाव)। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के महमदाबाद-कलवारी मार्ग पर शराब ठेके के पास दिव्यांग पान विक्रेता मृत मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ताजपुर निवासी दिव्यांग हेमराज रैदास (35) महमदाबाद-कलवारी मार्ग पर ग्राम हैबतपुर के पास पान व पान मसाला आदि की छोटी दुकान किए था। वह सुबह 9 बजे अपनी तीन पहिया बाइक से दुकान जाता था और रात में 10 बजे घर लौटता था। बुधवार रात को हेमराज घर नहीं पहुंचा। गुरुवार सुबह बड़ा भाई जसवंत दुकान पर पहुंचा तो हेमराज सड़क किनारे मृत मिला। उसने पुलिस को सूचना दी। नगर पुलिस चौकी प्रभारी विजय कुमार और कोतवाली प्रभारी श्याम कुमार पाल पहुंचे। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भाई व अन्य परिजनों ने किसी तरह का आरोप नहीं लगाया है। बताया कि हेमराज अविवाहित था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बीमारी के चलते माता-पिता की मौत हो चुकी है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना प्रतीत हो रही है। मृतक का एक पैर उसकी तीन पहिया बाइक में फ ंसा है और दूसरा नीचे है। अनुमान है कि वह घर जाने के लिए बाइक पर बैठते समय गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।