उन्नाव/मौरावां। गुमटी दुकानदार और युवक का फंदे पर शव लटका मिला, पुलिस ने जांच की। शहर की घटना में परिजन कोई कारण नहीं बता सके। मौरावां की घटना में शराब पीने को लेकर पारिवारिक विवाद की बात सामने आई।
सदर कोतवाली के शेखपुर नरी गांव निवासी धीर बहादुर सिंह (50) का शव घर के अंदर जीने में निकली सरिया में गमछे के फंदे से लटका मिला। पुलिस ने जांच की तो बड़े भाई वीरबहादुर सिंह ने बताया कि छोटे भाई की शादी नहीं हुई थी, वह घर के बाहर गुमटी में दुकान किए था। शुक्रवार शाम को घर पर खाना खाने के बाद सोने की बात कही, परिवार के अन्य लोग भी सो गए, लेकिन शनिवार सुबह उनका शव लटका मिला। वह चार भाइयों में दूसरे नंबर के थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया, उसमें हैंगिंग की पुष्टि हुई। कोतवाल अवनीश सिंह ने बताया कि परिजन कुछ नहीं बता रहे, अधेड़ की शादी नहीं हुई थी।
अजगैन कोतवाली के शीतलगंज मोहल्ला निवासी मनोज कुमार (36) पुत्र गंगासागर लोधी शादी के बाद 12 साल से ससुराल मौरावां के केदारनाथ खेड़ा में रह रहा था। शनिवार सुबह उनका शव बाग में गमछे के फंदे से लटका मिला। पति की मौत से पत्नी रिंकी व अन्य परिजन बेहाल हैं। सीओ पुरवा अजय कुमार सिंह ने घटनास्थल की जांच की। युवक शराब का लती होने से परिवार में विवाद की बात सामने आई है। थानाध्यक्ष कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि पत्नी की तहरीर पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कोई आरोप नहीं हैं।