उन्नाव। बोर्ड परीक्षार्थियों के सवालों का जवाब देने के लिए बनाई गई हेल्प डेस्क की हकीकत जांची गई तो इसमें शामिल सात शिक्षकों के मोबाइल नंबरों में कोई उपयोग में नहीं था तो कोई गलत बताता रहा। रुथ नेटवर्क के बाहर रहे। भौतिक विज्ञान की प्रवक्ता के नंबर की इनकमिंग सेवा ही बंद मिली। प्रधानाचार्या से बात की गई तो शाम सात बजे रिचार्ज कराया गया।
बोर्ड परीक्षार्थियों की समय रहते काउंसिलिंग हो और वह अच्छे अंक हासिल कर सकें, इसके लिए माध्यमिक शिक्षा सचिव ने जिले स्तर पर हेल्प डेस्क बनाने के निर्देश दिए थे। ताकि छात्र अपनी प्रश्नों का आसानी से हल पा सकें। आदेश के बाद डीआईओएस कार्यालय में हेल्प डेस्क भी बना दी गई, लेकिन जिन शिक्षकों के नंबर जारी किए गए उन्हें चेक नहीं किया गया। गुरुवार को जारी नंबरों की हकीकत चेक की गई तो जीजीआईसी शहर की भौतिक विज्ञान की प्रवक्ता अल्का सचान के मोबाइल नंबर 9450331528 की इनकमिंग सेवा बंद मिली।
जब कॉलेज की प्रधानाचार्या से इसकी जानकारी ली गई तो उन्होंने शिक्षिका से बात की। शिक्षिका ने बताया कि बीएसएनएल का सिम होने से साल भर का रिचार्ज कराती हैं, कब खत्म हो गया पता नहीं चला। गणित विषय के शिक्षक नृपेंद्र शुक्ला का मोबाइल नंबर 97950082 आउट ऑफ नेटवर्क कवरेज एरिया बताता रहा। सामाजिक विज्ञान के प्रश्नों को हल करने के लिए जारी डॉ. उमेश बाजपेयी के मोबाइल नंबर 7260986739 पर फोन मिलाया गया तो वह नंबर ही उपयोग में नहीं मिला।
रसायन विज्ञान की शिक्षिका नीता वर्मा के नंबर पर बात हुई तो उन्होंने बताया कि सुबह से किसी छात्र का फोन नहीं आया। हिंदी विषय की शिक्षिका रुचि दीक्षित के मोबाइल नंबर 93303109706 पर फोन मिलाया गया तो वह स्विच ऑफ बता रहा था। जीव विज्ञान की शिक्षिका श्रद्धा सिंह ने बताया कि सात से आठ बच्चों के फोन आए, लेकिन उन्होंने जीव विज्ञान से संबंधित प्रश्न न पूछकर गणित और भौतिक विज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे, वह मेरे स्तर के नहीं थे, जितना आता था उतनी जानकारी दी।डीआईओएस एसपी सिंह ने बताया कि हेल्प डेस्क में विषयवार शिक्षकों की ड़्यूटी लगाई गई है। अगर गलत मोबाइल नंबर, इनकमिंग सेवा बंद, स्विच ऑफ या फिर नेटवर्क की समस्या की दिक्कत आई है तो शुक्रवार को इन सभी नंबरों की जांच कराई जाएगी।
स्टेटिक मजिस्ट्रेट में लगी अंग्रेजी प्रवक्ता की ड्यूटी
उन्नाव। बोर्ड परीक्षार्थियों के सवालों का जवाब देने के लिए हेल्प डेस्क में भुंभवार इंटर कॉलेज के अंग्रेजी विषय के प्रवक्ता राममनोहर पटेल की ड्यूटी लगाई गई है, जबकि वह पहले से यूनिवर्सिटी की चल रहीं सेमेस्टर परीक्षाओं में स्टेटिक मजिस्ट्रेट हैं और मौजूदा समय में बेथर स्थित रामदुलारे मिश्र डिग्री कॉलेज में ड्यूटी कर रहे हैं। चार जनवरी कॉलेज उन्हें डीएम के आदेश कार्यमुक्त भी कर चुका है। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति दो जगह कैसे ड्यूटी कर सकता है। उन्होंने बताया कि प्रधानाचार्य से बताने पर उन्होंने कॉलेज से कार्यमुक्ति का कवरिंग लेटर लगाकर भेजा है। (संवाद)