मथुरा की घटना के विरोध में सोमवार को भाजपा ने कलेक्ट्रेट के बाहर धरना सभा की। भाजपाईयों ने घटना के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराया। पूर्व पुलिस महानिदेशक व भाजपा नेता बृजलाल ने कहा कि प्रदेश की अखिलेश सरकार के राज में जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। इस सरकार में एक ही परिवार के दबंग गुर्गों ने आतंक फैलाकर मथुरा में ऐेसे वीभत्स कांड को अंजाम दिया। कहा कि जब जब प्रदेश में सपा सरकार आती है गुंडों और दहशतगर्दों का बोलबाला हो जाता है गरीब, कमजोर और आम नागरिकों का जीना दुश्वार हो जाता है। उन्होंने कहा कि जब भी प्रदेश में सपा की सरकार बनी पुलिस के जांबाज जवानों को जान देनी पड़ी। कहा कि जांबाज अफसर मारे जा रहे हैं। दलितों पर भी अत्याचार हो रहा है। भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो लोगों के हर दुखों के साथ खड़ी मिलती है। जिलाध्यक्ष श्रीकांत कटियार ने कहा कि इस सरकार में हत्या, लूट, बलात्कार जैसी घटनाओं में इजाफा हो जाता है। मथुरा के जवाहर बाग में हुई घटना वीभत्स है। धरने को जिला प्रभारी सुरेंद्र सिंह, सदर विधायक पंकज गुप्ता, एमएलसी अरुण पाठक, पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद अवस्थी, राधेश्याम रावत, सुंदरलाल लोधी ने भी संबोधित किया। धरना सभा के बाद घटना की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को दिया।