मौरावां। मौरावां-गुरूबक्सगंज मार्ग पर भइयाखेड़ा चौराहे के पास वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
थाना क्षेत्र के गांव शिवला निवासी गुरुचरण लोधी का पुत्र मुकेश कुमार (22) शनिवार की सुबह करीब नौ बजे घर से धमनीखेड़ा गांव काम से जाने के लिए निकला था। मौरावां-गुरूबक्सगंज मार्ग पर भइया खेड़ा चौराहे के पास किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मुकेश भाइयों के साथ खेती करता था। चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। बेटे की मौत से मां लालवती और अन्य परिजन बेहाल हैं। मां की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थानाध्यक्ष भवन सिंह मौर्य ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।