उन्नाव। गणतंत्र दिवस पर खेल विभाग की ओर से क्रास कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया। इसमें जिले के 50 से अधिक बालक-बालिकाओं ने भाग लिया। उधर, स्पोर्ट्स स्टेडियम में एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें युवाओं ने दमखम दिखाया। विजयी प्रतिभागियों को जिला युवा कल्याण अधिकारी ने सम्मानित किया।
क्रास कंट्री दौड़ की शुरुआत सीओ सिटी विजय आनंद ने पुलिस लाइन गेट से हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ हरदोई पुल होते हुए लखनऊ बाईपास पर समाप्त हुई। बालक वर्ग में लवकुश कुमार और बालिका वर्ग में पूजा सबसे तेज दौड़ी। अंकुश और आकांक्षा ने दूसरा, अवनीश और लक्ष्मी ने तीसरा स्थान हासिल किया। सभी विजयी खिलाड़ियों को जिला युवा कल्याण अधिकारी शिवराम सिंह ने ट्रैक सूट देकर सम्मानित किया।
वहीं एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 100 मीटर दौड़ में तनिश अव्वल रहे। अजय ने दूसरा और नवनीत ने तीसरा स्थान हासिल किया। 1500 मीटर दौड़ में लवकुश ने पहला, अंकुश ने दूसरा और सुनायक ने तीसरा स्थान हासिल किया। भाला फेंक में शिवा ने बाजी मारी। शिवम ने दूसरा और छोटू ने तीसरा स्थान हासिल किया।
गोला फेंक में ईशांत अव्वल रहें। अनिरुद्ध दूसरे और कार्तिकेय तीसरे स्थान पर रहे। लंबी कूद में कृष्णा ने सबसे लंबी छलांग लगाई। साहिल ने दूसरा और शिवम ने तीसरा स्थान हासिल किया। सभी खिलाड़ियों को विधायक पंकज गुप्ता और प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी कल्पना कमल ने सम्मानित किया। सावन भारती, हिमांशू, कृष्ण प्रताप सिंह, प्रीति खरे, विकास अवस्थी, श्रद्धा सोनकर, आनंद मोहन आदि मौजूद रहे।