फोटो-20 -मृतक अनुज जायसवाल का फाइल फोटो।
फोटो-21 -पोस्टमार्टम हाउस में रोते बिलखते परिजन।
कानपुर-लखनऊ हाईवे पुल पर शनिवार रात हुई घटना, अज्ञात में रखा रहा शव, दूसरे दिन परिजनों ने की पहचान
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। कानपुर-लखनऊ हाईवे पुल पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बीयर बार मैनेजर की मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। रविवार को परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। बाइक सवार हेलमेट लगाए था।
दही थानाक्षेत्र के शिवनगर मोहल्ला निवासी अनुज जायसवाल (35) गदनखेड़ा स्थित एक बीयर बार में मैनेजर थे। शनिवार रात करीब 11:30 बजे वह बाइक से घर जा रहे थे। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर दही थानाक्षेत्र के नवीनमंडी स्थित पुल के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अनुज की मौके पर मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर के मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान न होने से शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया। बाइक नंबर के आधार पर आवास-विकास कालोनी में मृतक के परिजनों के बारे पता किया गया। जानकारी हुई कि यहां इस नाम कोई नहीं रहता।
रविवार को परिजनों ने शिनाख्त की। छोटे भाई विकास ने बताया कि मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। बेटे की मौत से मां सुशीला पत्नी निशी जायसवाल और अन्य परिजन बेहाल हैं। मृतक की तीन साल की बेटी राधिका है। पत्नी पांच माह की गर्भवती है। थानाध्यक्ष अनुराग सिंह ने बताया कि शव की पहचान होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।