उन्नाव। कचहरी स्थित रजिस्ट्रार कार्यालय में फर्जी रजिस्ट्री करने पहुंचे एक वृद्ध को वकीलों ने धुन दिया। वृद्ध अपने बचाव में सिर्फ खुद को बेगुनाह ही बताता रहा।
वकीलों का आरोप था कि वृद्ध ने कई बार अपनी जमीन को फर्जी तरीके से बेच दिया है और इस मामले को लेकर वह एक वकील के साथ पहले मारपीट कर चुका है। वहीं, वृद्ध ने वकील पर उसकी जमीन को जबरन रजिस्ट्री करवाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस वृद्ध को कोतवाली ले गई।
अधिवक्ता विश्राम का कहना था कि वृद्ध ने अपनी जमीन की कई बार फर्जी तरीके से रजिस्ट्री की है। इसके बाद वह आज फिर से जमीन की रजिस्ट्री करने कचहरी पहुंचा था। इससे मना करने पर वृद्ध ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट शुरू की और जान से मारने की धमकी दी।
आस-पास के वकीलों ने भी पीटना शुरू कर दिया। वहीं आरोपी रमेश चंद्र का कहना था कि वह कुछ सालों पूर्व कचहरी स्थित एक वकील के बस्ते पर मुंशी का काम करता था। तभी से अधिवक्ता विश्राम से उसकी जान पहचान हो गई थी। उसकी लगभग साढ़े पांच बिसुवा जमीन उन्नाव-पुरवा मार्ग पर है जिसे वकील कम दामों में हथियाने में लगे थे। इससे मना करने पर वकील ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
बताया कि उसने कभी भी कोई फर्जी रजिस्ट्री नहीं की है। वहीं, कोतवाली पुलिस आरोपी को कोतवाली ले जाकर पूछताछ कर रही है।