अचलगंज (उन्नाव)। थानाक्षेत्र के साहबखेड़ा गांव में शनिवार रात वीडियोकॉल से बात करने के बाद बीबीए छात्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो कोहराम मच गया। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि वह किसी रिश्तेदार की लड़की से बात करता था। परिजनों ने अभी किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है।
अचलगंज थानाक्षेत्र के साहबखेड़ा निवासी 24 वर्षीय अजय पुत्र संतोष गौतम उन्नाव के एक कॉलेज में बीबीए प्रथम वर्ष का छात्र था। छोटी बहन अनुष्का ने बताया कि भाई रोज छत पर बने में कमरे में सोता था। शनिवार रात खाने के बाद वह नीचे कमरे में ही रुक गया। काफी देर ऊपर नहीं आया तो वह उसे नीचे बुलाने गई। वह मोबाइल से वीडियोकॉल पर रिश्तेदार की ही एक लड़की से बात कर रहा था। उसने थाेड़ी देर बाद आने की बात कही, लेकिन फिर नहीं आया और हम लोग भी सो गए। रविवार सुबह पांच बजे मां मीना देवी की नींद खुली तो वह नीचे गई। कमरे में भाई का रस्सी के फंदे से शव लटका देख बेहाल हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने जांच की। परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। थानाध्यक्ष राजेश पाठक ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों ने अभी लिखित में कोई तहरीर नहीं दी है। अगर कोई देता है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
करीब एक घंटे तक हुई दोनों के बीच वीडियोकॉल
पुलिस के मुताबिक मृतक के मोबाइल की छानबीन में सामने आया है कि अजय की रिश्तेदार युवती से करीब एक घंटे तक वीडियो काल हुई है। फिलहाल आगे की जांच के लिए उसका व्हाट्सएप खंगाला जा रहा है। वहीं उसके नंबर की सीडीआर भी निकलवाई जाएगी। आखिरी कॉल उसी युवती के नंबर पर हुई है। आशंका है कि उससे किसी बात को लेकर विवाद हुआ है।