उन्नाव। माघ मेले के दौरान गंगा को प्रदूषण से बचाने के लिए टेनरियों व स्लाटर हाउसों से 21 दिन पानी बहाने पर रोक रहेगी। 45 दिन चलने वाले माघ मेले में कब-कब यह रोक रहेगी इसका रोस्टर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने जारी किया है।
प्रयागराज में 10 जनवरी से 26 फरवरी 2025 तक महाकुंभ मेला है। गंगा स्वच्छ और निर्मल रहे, इसके लिए उत्तर प्रदेश प्रदूषण बोर्ड ने कुंभ मेला के दौरान होने वाले प्रमुख छह स्नान पर्वों के तीन दिन पहले से जल उत्प्रवाह वाली सभी इकाइयों को 21 दिन दूषित पानी बहाने पर रोक लगाई है। जिले के दो प्रमुख लोनी व सिटी जेल ड्रेन से जुड़ी टेनरियों, चर्म इकाइयों और स्लाटर हाउस में गीला उत्पादन बंद रखने को कहा है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिलास्तरीय निगरानी समिति भी गठित की जा रही है।
टीमें टेनरियों व नालों का निरीक्षण कर सख्ती से पालन कराएंगी। क्षेत्रीय नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी रोहित सिंह ने बताया कि सभी प्रमुख स्नान के पहले सभी उद्योगों से जीरो डिस्चार्ज की व्यवस्था तय करनी है। इसके चलते प्रमुख स्नान से पहले उद्योगों में गीला कार्य बंद कराया जाएगा।
इन तिथियों पर रहेगी पूर्ण पाबंदी
स्नान पर्व-तिथि-पाबंदी की अवधि
पौष पूर्णिमा-13 जनवरी10 से 13 जनवरी
मकर संक्रांति -14 जनवरी-11 से 14 जनवरी
मौनी अमावस्या-29 जनवरी-26 से 29 जनवरी
बसंत पंचमी-03 फरवरी-31 जनवरी से तीन फरवरी
माघी पूर्णिमा-12 फरवरी-09 से 12 फरवरी
महाशिवरात्रि-26 फरवरी-23 से 26 फरवरी