फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Unnao News: फर्जी अभिलेखों से रिहा हुए पांच लुटेरों की जमानत रद्द

Sat, 14 Jun 2025 12:15 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, उन्नाव
विज्ञापन
विज्ञापन
उन्नाव। एसपी की ओर से अपराधियों के जमानतदारों का सत्यापन कराया जा रहा है। इसमें फर्जी अभिलेखों पर छूटे पांच लुटेरों की जमानत रद्द कराई गई है। एक को जेल भेजने के बाद चार अन्य की तलाश और उनकी जमानत प्रपत्रों की जांच शुरू की गई है। जमानत दिलाने वाले अधिवक्ता, पैरोकार और जमानत अभिलेख लगाने वाले बाबू भी पुलिस की जांच के दायरे में हैं। माखी और सफीपुर कोतवाली में भी फर्जी अभिलेखों से जमानत के मामले सामने आ रहे हैं।
विज्ञापन

जेल से जमानत पर छूटे हत्या, लूट, डकैती में शामिल अपराधियों की गतिविधियों के सत्यापन कराने के बाद एसपी दीपक भूकर ने उनकी जमानत में लगे अभिलेखों का सत्यापन शुरू कराया है। अचलगंज थाना पुलिस को लूट की घटना में जमानत पर छूटे पांच आरोपियों में शामिल शुक्लागंज निवासी कुलदीप, राजीव, हरपाल, चंद्रकेश और हसन के जमानतदार फर्जी मिले हैं। इसमें कुलदीप की जमानत में लगाए गए अभिलेख फर्जी साबित होने के बाद उसे जेल भेजा गया है, वहीं चार अन्य के अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया जारी है।
एसपी दीपक भूकर ने बताया कि इनकी जमानत कराने वाले अधिवक्ता भी जांच के दायरे में हैं। जमानत में कौन पैरोकार बना, न्यायालय के बाबू ने किस आधार पर वह कागज लिए, इसकी भी जांच की जा रही है। बताया कि जमानत अभिलेखों में प्रधान का फर्जी पैड और दरोगा की रिपोर्ट भी फर्जी पाई गई है। नजारत में भी कोई ऐसा कागज नहीं मिला जिसमें जमानत सत्यापन दर्ज की गई हो। एसपी ने बताया कि माखी थाने और सफीपुर कोतवाली में भी ऐसे ही मामले सामने आए हैं, उनकी जांच कराई जा रही है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें