कोतवाली क्षेत्र के धिरजीखेड़ा गांव निवासी संदीप (19) पुत्र मोतीलाल चमियानी ग्राम पंचायत के बस्तीखेड़ा निवासी दोस्त बहादुर पुत्र भोलई के साथ कटहर गांव सिलेंडर लेने गया था। दोपहर को दोनों सिलेंडर लेकर बाइक से वापस आ रहे थे। बाइक बहादुर चला रहा था। संदीप पीछे बैठा हुआ था।
चमियानी के सांजिल बाबा के निकट तेज हवाओं के चलते बबूल का पेड़ अचानक गिर गया। इससे संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया और बहादुर को मामूली चोटें आईं। बहादुर ने घटना की सूचना परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को सीएचसी लेकर आए।
यहां डाक्टरों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक तीन भाईयों में सबसे बड़ा था। मां का नाम ऊषा है। पिता किसानी करते हैं।